शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे, विद्यार्थियों को दिए सफलता और करियर निर्माण के मंत्र

जांजगीर-चांपा, 16 जून 2026। नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस पर ग्राम चोरिया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में कलेक्टर जन्मेजय महोबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया तथा शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

कलेक्टर महोबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से हर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।
बोर्ड परीक्षा परिणामों की सराहना
कलेक्टर ने विद्यालय के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षकों का समर्पण और विद्यार्थियों की लगन सराहनीय है, जिसके कारण हर वर्ष विद्यालय से प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
कौशल आधारित शिक्षा पर दिया जोर
कार्यक्रम में कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित और व्यावसायिक शिक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने की सलाह दी। उन्होंने ऑटोमोबाइल, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट और अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अंग्रेजी, हिंदी, गणित और भाषा संबंधी विषयों पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि ये विषय उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण पर दिए सुझाव
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर महोबे ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, सही योजना और समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, खेल या अन्य किसी क्षेत्र में समस्या आने पर विद्यार्थी और शिक्षक सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विद्यालय परिसर में कदम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। साथ ही पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का भी आह्वान किया।
कलेक्टर ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से गांव एवं विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





