जांजगीर-चांपा में सनसनीखेज मामला: घर मे पिता और दो मासूम बच्चों के शव मिले, गांव में सनसनी

जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़), 17 जून — जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों के शव घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में पाए गए। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत कीटनाशक जहर के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।
पत्नी से विवाद के बाद अकेला लौटा था घर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रमेश कुमार पटेल का लगभग एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। बताया गया कि 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी ने साथ आने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वह अकेला घर लौट आया था।
परिजनों के अनुसार, 17 जून की सुबह मृतक के पिता परदेशी राम पटेल धान कुटवाने गांव कटनाई गए थे। करीब 11:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि घर में रमेश और उसके दोनों बच्चे मृत अवस्था में पड़े हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही नैला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए CSP जांजगीर योगिता बाली खापर्डे स्वयं मौके पर पहुंचीं और निरीक्षण किया।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच में शामिल किया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।





