छत्तीसगढ़

जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आदतन गुंडा बदमाश राकेश यादव के जिला बदर की अनुशंसा

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आदतन गुंडा बदमाश राकेश यादव के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की अनुशंसा की है। आरोपी पर अवैध रेत उत्खनन, मारपीट, धमकी और शांति भंग करने के कई मामले दर्ज हैं।

जांजगीर-चांपा, 19 जून 2026। जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने आदतन गुंडा बदमाश राकेश यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम केवा निवासी राकेश यादव को जिला बदर (Externment) किए जाने की अनुशंसा करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर जांजगीर-चांपा को भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार राकेश यादव पिछले लगभग 10 वर्षों से क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से संलिप्त रहा है। इसके अलावा उसके खिलाफ लोगों को डरा-धमकाने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, बलवा करने और बार-बार शांति भंग करने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों का विस्तृत परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में आम नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

इसी आधार पर पुलिस ने उसके विरुद्ध उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड, गतिविधियों और सार्वजनिक शांति पर पड़ रहे प्रभाव का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा है। जिला बदर की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button