CG Crime News: इंस्टाग्राम विवाद में DJ ऑपरेटर की हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा शहर में इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर हुए विवाद में DJ ऑपरेटर रवि यादव की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में रविवार देर शाम हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली थाना कोरबा पुलिस ने मामले में कथित मास्टरमाइंड समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर हुए विवाद से जुड़ी बताई जा रही है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया।
रामसागर पारा में हुई वारदात
जानकारी के अनुसार पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागर पारा का है। मृतक रवि यादव पेशे से DJ ऑपरेटर था। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले रवि यादव और मोहल्ले में रहने वाले महेंद्र गंगवानी के बीच इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की नौबत आ गई और मामला थाने तक पहुंचा था। हालांकि परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
रास्ते में रोका और किया हमला
बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम रवि यादव किसी कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान रामसागर पारा इलाके में उसकी फिर से महेंद्र गंगवानी से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि महेंद्र गंगवानी ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर रवि यादव तथा उसके दोस्त पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की।
मौके पर हुई मौत, एक युवक गंभीर
हमले में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद भड़का आक्रोश
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
हत्याकांड के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस कोरबा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में 2 मुख्य आरोपियों सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शहर में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद कोरबा शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले हुए विवाद पर समय रहते सख्ती की जाती, तो संभवतः यह घटना टाली जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।





