
भाई ने भाई को जिंदा जलाकर मार डाला
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जमीन विवाद को लेकर एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव में पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी कृष्णकांत दुबे (38) अपनी कथित पत्नी के साथ मंगलवार को पैतृक गांव आमगांव पहुंचे थे। यहां उनकी मां और छोटा भाई पहले से ही रहते हैं और परिवार की जमीन की देखरेख करते हैं।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से दोनों भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम को जब कृष्णकांत ने इस मुद्दे पर बातचीत शुरू की, तो छोटा भाई इससे सहमत नहीं हुआ, जिसके बाद दोनों के बीच बहस तेज हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
विवाद के दौरान दोनों ओर से हमला हुआ और स्थिति और भी बिगड़ गई। इसी दौरान छोटे भाई ने कृष्णकांत को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और वहां पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन आग लगने के बाद स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उसे बचाया नहीं जा सका। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से जले हुए शव को बाहर निकाला। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।





