Crime

ट्रक के लेन-देन के विवाद में दोस्त की हत्या, हादसे का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे डाला

जांजगीर-चांपा के अकलतरा में सड़क हादसे के रूप में दर्ज संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा किया। ट्रक के लेन-देन के विवाद में दोस्त की हत्या कर शव को कार के नीचे डालने का आरोप है। आरोपी गिरफ्तार।

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में जून में हुई एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना की जांच के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार मामला सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या का था। ट्रक के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई और वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।

शराब पार्टी के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के मुताबिक 24 जून 2026 को सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 की घटना में सकरी, बिलासपुर निवासी अरविंद सिंह लोधी (26 वर्ष) की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में घटना को सड़क दुर्घटना मानते हुए वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के निर्देशन में पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आया हत्या का राज

एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और चौकी प्रभारी कोटमीसोनार विनोद जाटवर की टीम ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान बिलासपुर के दीनदयाल कॉलोनी निवासी हेमंत सिंह ठाकुर (23 वर्ष) ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस को दिए गए कथन के अनुसार, ट्रक के लेन-देन को लेकर मृतक अरविंद से उसका पुराना विवाद था। घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे डाल दिया गया।

आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त

जांच में हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस जोड़ी और पहले दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटा दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 10 BP 9060 को जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर (23 वर्ष), पिता गोविंद सिंह ठाकुर, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, बिलासपुर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में फरार बताए जा रहे एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक विनोद जाटवर सहित थाना अकलतरा एवं पुलिस सहायता केन्द्र कोटमीसोनार के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button