छत्तीसगढ़

खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, किसान बनकर पहुंचे उप संचालक कृषि, 1446 बोरी खाद जब्त

जांजगीर-चांपा में खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन। किसान बनकर पहुंचे उप संचालक कृषि ने 850 रुपये में यूरिया बिक्री का खुलासा किया, 1446 बोरी खाद जब्त कर गोदाम सील किया गया।

जांजगीर-चांपा। जिले में खाद की कालाबाजारी और किसानों से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतों पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने किसान बनकर औचक निरीक्षण किया और शिकायत को सही पाए जाने पर 1446 बोरी रासायनिक खाद जब्त कर गोदाम सील कर दिया।

IMG 20260602 WA0513 Console Crptech

जानकारी के अनुसार, उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने किसान बनकर जिले के उर्वरक विक्रेता मेसर्स नानकचंद नंदकिशोर कृषि केंद्र पहुंचकर खाद खरीदने का प्रयास किया। इस दौरान विक्रेता ने निर्धारित मूल्य 266.50 रुपये प्रति बोरी यूरिया के बजाय 850 रुपये में खाद बेच दी। शिकायत सही पाए जाने पर तत्काल उर्वरक निरीक्षकों की टीम को बुलाकर कार्रवाई शुरू की गई।

  1. निरीक्षण के दौरान उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण में अनियमितता और निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री की पुष्टि हुई। इसके बाद उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत गोदाम में रखी गई कुल 1446 बोरी खाद जब्त कर प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया गया।

जब्त किए गए उर्वरकों में:

  • 1141 बोरी यूरिया (एचयूआरएल एवं एनएफएल)
  • 252 बोरी एसएसपी
  • 33 बोरी डीएपी
  • 20 बोरी एमओपी शामिल हैं।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत समितियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदें तथा खरीदारी का पक्का बिल अवश्य लें। यदि कहीं भी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने या कालाबाजारी की शिकायत मिले तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें।

Related Articles

Back to top button