मध्यप्रदेश

सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक डकैती: 5 हथियारबंद बदमाश 15 करोड़ का सोना-नकदी लूटकर फरार

सिंगरौली / मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के विंध्यनगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पांच हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। महज 10 से 15 मिनट के भीतर बदमाश करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और नकदी लेकर फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार लूटी गई संपत्ति में लगभग 9 से 10 किलो सोना और करीब 20 लाख रुपये नकद शामिल हैं। यह सोना उन ग्राहकों का बताया जा रहा है जिन्होंने बैंक से गोल्ड लोन लिया हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, पांचों बदमाश पिट्ठू बैग लेकर बैंक में दाखिल हुए और अंदर पहुंचते ही उन्होंने कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक मैनेजर से लॉकर की चाबी और नकदी की जानकारी मांगी गई। विरोध करने पर मैनेजर के साथ मारपीट भी की गई।

घटना के दौरान बदमाशों द्वारा दहशत फैलाने के लिए फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी सोना और नकदी बैग में भरकर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी कैलाश मकवाना भोपाल से सिंगरौली के लिए रवाना हो गए हैं। वे रीवा पहुंचकर सड़क मार्ग से घटनास्थल पर पहुंचेंगे।

पुलिस के अनुसार जिस समय वारदात हुई, उस समय बैंक में सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस बैंक कर्मचारियों और मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है तथा कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

पूरे जिले में इस बड़ी बैंक लूट की घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Related Articles

Back to top button