मध्यप्रदेश

जबलपुर के बरगी डैम में टूरिस्ट क्रूज हादसा: 4 की मौत, कई लापता, रेस्क्यू जारी

तेज आंधी-तूफान में संतुलन बिगड़ने से डूबा क्रूज, सेना और SDRF जुटी राहत कार्य में

एक झटके में खत्म हो गई खुशियों की सैर…

जबलपुर, मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बरगी डैम में पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक तेज आंधी और बारिश के बीच अनियंत्रित होकर डूब गया। ताजा जानकारी के अनुसार इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वक्त क्रूज में 40 से ज्यादा लोग सवार थे। अचानक मौसम खराब होने से तेज हवाओं ने क्रूज का संतुलन बिगाड़ दिया, जिससे वह पानी में समा गया।

राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों ने अब तक 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हालांकि, अंधेरा और खराब मौसम के कारण शुरुआती घंटों में रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित रहा। शुक्रवार सुबह होते ही बचाव कार्य को फिर तेज कर दिया गया।

प्रशासन ने बताया कि क्रूज डैम के अंदर करीब 20 फीट गहराई में फंसा हुआ है, जिसे बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। इसके लिए भारी मशीनों और नावों की मदद ली जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल किया गया है। साथ ही SDRF और अन्य एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने का मौका तक नहीं मिल पाया। प्रशासन का कहना है कि मृतकों और लापता लोगों की संख्या में अभी बदलाव संभव है, क्योंकि खोज अभियान लगातार जारी है।

(अपडेट जारी… )

Related Articles

Back to top button