शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा: UPI ट्रांजैक्शन बना सुराग, बलिया के राज सिंह समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

फर्जी नंबर प्लेट, शार्प शूटर और UPI क्लू…
Shubhendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी राज सिंह उर्फ चंदन समेत मयंक मिश्रा, विक्की मोरया को गिरफ्तार किया गया है। STF ने उत्तर प्रदेश और बिहार में संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा।
जांच में सामने आया है कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। आरोपियों ने कई दिनों तक चंद्रनाथ रथ की रेकी की थी और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। हमलावरों को यह भी पता था कि रथ अपनी SUV में किस सीट पर बैठते हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने में UPI ट्रांजैक्शन सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ। जांच एजेंसियों ने वारदात के बाद संदिग्ध मोबाइल नंबरों, डिजिटल पेमेंट रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजैक्शन को ट्रैक किया। इसी दौरान कुछ संदिग्ध UPI पेमेंट और मोबाइल लोकेशन राज सिंह तक पहुंची, जिसके बाद STF ने तकनीकी निगरानी बढ़ाई और उत्तर प्रदेश के अयोध्या से उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, राज सिंह की कुछ स्थानीय राजनीतिक हलकों में अच्छी पकड़ बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर उसके कई राजनीतिक कार्यक्रमों और नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं। हालांकि, जांच एजेंसियां फिलहाल यह स्पष्ट करने में जुटी हैं कि हत्या के पीछे केवल आपराधिक साजिश थी या इसमें किसी बड़े नेटवर्क और राजनीतिक संपर्क की भी भूमिका है।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर शार्प शूटर गिरोह और बाहरी राज्यों के अपराधियों के संपर्क में थे। STF और CBI अब हत्या की सुपारी, फंडिंग और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि 6 मई की रात मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की SUV को फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ी से रोका गया था। इसके बाद बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।





