10 हजार रुपये के विवाद में खूनी हमला, टांगी से युवक का कान काटने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए पैसे वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे लौटाने की बात पर हुए विवाद में आरोपी ने टांगी से हमला कर युवक का दाहिना कान काट दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने 8 जून 2026 को थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दीपावली से पहले उनकी पहचान गांव के ही शनि केंवट (45 वर्ष) से हुई थी। इसी दौरान उन्होंने मकान निर्माण के लिए आरोपी को 10 हजार रुपये उधार दिए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, 8 जून की रात करीब 8 बजे रघुनंदन प्रसाद ने गांव में शनि केंवट को देखकर अपने पैसे वापस मांगे। इस बात से आरोपी नाराज हो गया और कथित रूप से कहा कि वह पैसे नहीं लौटाएगा। इसके बाद आरोपी प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान शनि केंवट ने लोहे की टांगी से रघुनंदन प्रसाद पर हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी का दाहिना कान कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामले की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2), 296, 351(3) और 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी शनि केंवट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





