छत्तीसगढ़ की बेटी महक नरवासे का भारतीय U-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन, श्रीलंका दौरे पर करेंगी प्रतिनिधित्व

छत्तीसगढ़ की युवा क्रिकेटर महक नरवासे का भारतीय महिला U-19 टी-20 और वनडे टीम में चयन हुआ है। श्रीलंका दौरे के लिए उन्हें टीम का उप कप्तान बनाया गया है।
रायपुर, 11 जून 2026। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की उभरती क्रिकेट खिलाड़ी महक नरवासे का चयन भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। महक को आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टी-20 और वनडे दोनों टीमों में जगह मिली है। खास बात यह है कि उन्हें टीम का उप कप्तान (Vice-Captain) भी बनाया गया है।
महक नरवासे के इस चयन से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ की महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार बेहतर प्रदर्शन और कड़ी मेहनत के दम पर महक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महक नरवासे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि महक की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। राष्ट्रीय टीम में चयनित होकर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं और खेल जगत में भी नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। महक नरवासे का भारतीय टीम में चयन राज्य की युवा खिलाड़ियों, विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि महक श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और भविष्य में देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का गौरव भी बढ़ाएंगी।





