छत्तीसगढ़

डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण को लेकर पामगढ़ में चक्काजाम, बरसते पानी मे सड़क पर उतरे ग्रामीण

जांजगीर-चांपा के पामगढ़ में डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अंबेडकर चौक पर चक्काजाम किया। महिलाओं की अगुवाई में चल रहे आंदोलन को व्यापारियों का भी समर्थन मिला।

पामगढ़, जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ क्षेत्र में डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने बरसते पानी मे पामगढ़ के अंबेडकर चौक पर चक्काजाम कर दिया। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से डोंगाकोहरौद मार्ग की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपने और मांग उठाने के बावजूद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया। इसी वजह से अब ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाया है।

जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग को लेकर गांव के आठ युवक पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। अनशन के समर्थन में अब बड़ी संख्या में ग्रामीण भी आंदोलन में शामिल हो गए हैं, जिससे प्रदर्शन का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

आंदोलन को स्थानीय व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। प्रदर्शन के समर्थन में पामगढ़ के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार आंदोलन स्थल पर मौजूद रहकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि स्थिति सामान्य हो सके।

इस दौरान एसडीएम ने आंदोलनकारियों को बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य जारी है और दिसंबर माह से सड़क निर्माण शुरू कराने की योजना है। हालांकि प्रशासन के इस आश्वासन से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

फिलहाल पामगढ़ में हालात पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। आंदोलन जारी रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित है और प्रशासन समाधान निकालने के लिए प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत कर रहा है।

Related Articles

Back to top button