Agriculture

खरीफ 2026 के लिए ‘साथी पोर्टल’ का प्रशिक्षण संपन्न, किसानों को समय पर मिलेंगे गुणवत्तापूर्ण बीज

जांजगीर में आयोजित प्रशिक्षण में समिति प्रबंधकों, FPO और कृषि अधिकारियों को दी गई विस्तृत जानकारी

जांजगीर, 25 अप्रैल 2026। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को समय पर उच्च गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने और वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ‘साथी पोर्टल’ फेस-2 का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह प्रशिक्षण जिला पंचायत सभागार, जांजगीर में आयोजित हुआ, जिसमें सेवा सहकारी समितियों, कृषि विभाग के मैदानी अमले, एफपीओ (FPO) और निजी बीज उत्पादक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान बीज प्रबंधक सी.पी. मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों को साथी पोर्टल के उपयोग, बीज भंडारण, विक्रय प्रक्रिया और किसानों के डेटा एंट्री से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दीं। साथ ही सभी प्रतिभागियों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड कर उनकी समस्याओं का समाधान भी किया गया।

इस पोर्टल के माध्यम से बीजों के भंडारण, वितरण और किसानों को विक्रय की पूरी प्रक्रिया का संस्थावार और कृषकवार रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को समय पर लाभ मिल सकेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप संचालक कृषि राकेश शर्मा, उप प्रबंधक बीज निगम खोखसा नम्रता उपाध्याय, जिले के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधक, एफपीओ सदस्य और निजी बीज उत्पादक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Back to top button