Agriculture

खरीफ 2026: किसानों को अब एकमुश्त मिलेगा यूरिया, किस्तों में वितरण व्यवस्था समाप्त

खरीफ सीजन 2026 में किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब यूरिया का वितरण किस्तों में नहीं होगा। किसान पिछले वर्ष के बराबर एकमुश्त यूरिया प्राप्त कर सकेंगे।

जांजगीर-चांपा। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को यूरिया वितरण को लेकर बड़ी राहत दी गई है। राज्य शासन के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार अब किसानों को यूरिया किस्तों में नहीं, बल्कि पूर्व वर्ष 2025 की तरह एकमुश्त उपलब्ध कराया जाएगा।

उप संचालक कृषि जांजगीर-चांपा राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ 2026 के लिए सहकारी क्षेत्र में उर्वरक वितरण संबंधी नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत पहले लागू 80 प्रतिशत वितरण सीमा को समाप्त कर दिया गया है।

अब किसान पिछले वर्ष खरीफ 2025 में जितनी मात्रा में यूरिया प्राप्त कर चुके हैं, उसी के बराबर मात्रा में खरीफ 2026 के दौरान भी यूरिया प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसानों को खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि संबंधित सहकारी समिति में पर्याप्त स्टॉक होने पर किसानों को पात्रता के अनुसार एकमुश्त यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा। यदि किसी समिति में यूरिया का स्टॉक अस्थायी रूप से कम रहता है, तो शेष पात्र मात्रा स्टॉक उपलब्ध होने पर किसानों को प्रदान की जाएगी।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी सहकारी समितियों से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर यूरिया प्राप्त करें, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई और पोषण संबंधी कार्य प्रभावित न हों।

Back to top button