मध्यप्रदेश

सतना में सनसनी : 11 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, शव नीले ड्रम में मिला

दिल दहला देने वाली वारदात !

सतना/ मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र से एक बेहद भयावह और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बैंक कॉलोनी इलाके में 11 वर्षीय एक बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके शव को छिपाने के लिए नीले रंग के ड्रम में बंद कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

मृतक की पहचान शिवराज रजक (11 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नयागांव थाना सभापुर क्षेत्र का रहने वाला था। वह इन दिनों बैंक कॉलोनी में एक किराए के मकान में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मथुरा रजक (45 वर्ष), जो सतना बस स्टैंड क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, ने धारदार हथियार से बच्चे पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मृतक के पिता और आरोपी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की कोशिश की और उसे नीले ड्रम में बंद कर दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। हालांकि, मामले की जानकारी मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Related Articles

Back to top button