
Saharsa Mid-Day Meal News
बिहार के सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए महिषी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार जांच और उपचार में जुटी रही। कुछ बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल सभी बच्चों को खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पांचवीं कक्षा के छात्र रोहित कुमार ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे स्कूल में चावल और दाल का भोजन दिया गया था। खाना खाने के थोड़ी देर बाद कई बच्चों की तबीयत खराब होने लगी। वहीं सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने भी बताया कि भोजन के बाद बच्चों को उल्टी और चक्कर आने लगे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सहरसा के सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचकर बच्चों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फूड प्वाइजनिंग की आशंका के आधार पर बच्चों का इलाज किया जा रहा है।
इधर, कुछ अभिभावकों ने दावा किया है कि जिस बर्तन में दाल रखी गई थी, उसमें सांप मिला था। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिड-डे मील के भोजन के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की जा रही है।
घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।





