छत्तीसगढ़

BANDHAN BANK CASHIER FRAUD : जीवित महिला का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर बीमा किया क्लेम, लोन के 1 लाख 50 हजार भी किए गबन

Chhattisgarh

सक्ती / छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से बंधन बैंक में काम करने वाले कैशियर का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। कैशियर पर आरोप है कि उसने अपने बैंक के खाताधारक का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर बीमा कंपनी में क्लेम करवाया। इसके बाद डेढ़ लाख रुपए का गबन कर लिया। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब अकाउंट होल्डर दोबारा बैंक में लोन लेने गया। तब इस बात का पता चला कि उसकी पत्नी की मौत बैंक के दस्तावेजों में हो चुकी है। इसके बाद खाताधारक को धोखाधड़ी का अंदेशा हुआ। जब खाताधारक ने इस बात की शिकायत बैंक से की तो उसे चार महीने घुमाया गया। आखिरकार थक हारकर खाताधारक ने अपने साथ हुए धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस से की।

मिली जानकारी के मुताबिक, सक्ती निवासी पुरषोत्तम देवांगन ने बंधन बैंक से दो साल पहले दो लाख का लोन लिया था, जिसकी 8 से 9 किस्त उसके द्वारा पटा दी गई थी। इसके बाद पैसे की व्यवस्था होने पर उसने बची हुई राशि करीब डेढ़ लाख रुपए एकमुस्त जमा कर लोन खाता को बंद करने के लिए बैंक में जमा की थी। जिसे तत्कालीन बैंक कैशियर कमलेश सिंह ने बैंक में जमा ना करके अपने पास रख लिया।

कुछ महीनों बाद जब दोबारा पुरषोत्तम देवांगन को लोन की जरूरत पड़ी, तो वह बंधन बैंक गया तब उसे जानकारी मिली कि बैंक रिकॉर्ड में उसकी पत्नी (लोन अकाउंट में सहआवेदक) की मृत्यु हो चुकी है। जिसके बाद पुरुषोत्तम ने दस्तावेजों की जांच कराई, तो पता चला कि बैंक कैशियर कमलेश और कुछ कर्मचारियों ने मिलकर उनकी पत्नी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर बीमा कंपनी से क्लेम कर पुरषोत्तम देवांगन के लोन अकाउंट को बंद कर दिया है। इतना ही नहीं उसके द्वारा जमा की गई एक मुस्त राशि 1 लाख 42 हजार 550 रुपए को बैंक के कैशियर ने गबन कर लिया है।

फर्जीवाड़े की जानकारी मिलते ही खाताधारक ने इसकी शिकायत कई बार बैंक प्रबंधन से की। लेकिन बैंक प्रबंधन द्वारा उसे महीनों चक्कर कटवाते रहे। कई महीनों उनके साथ हुई धोखाधड़ी को नहीं सुधारा गया, तब थक हार कर खाताधारक ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि जल्द ही इसमें संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button