मध्यप्रदेश

8वीं की छात्रा ने बच्ची को दिया जन्म, मचा हड़कंप

बालाघाट के परसामऊ कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में 13 साल की छात्रा ने बच्चा जन्म दिया। प्रशासनिक लापरवाही और स्वास्थ्य निगरानी की कमी पर सवाल, आरोपी हिरासत में।

बालाघाट / मध्यप्रदेश के बालाघाट जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में उस समय हड़कंप मच गया, जब लगभग साढ़े 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने बच्चा जन्म दिया। यह घटना परसामऊ कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास से जुड़ी है और छात्रावासों में स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

महिला थाना पुलिस को अस्पताल चौकी से सूचना मिली और उन्होंने तुरंत प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए मामले की जानकारी गढ़ी थाना को सौंप दी। नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जिसे किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग शकुंतला डामोर ने छात्रा के स्वास्थ्य में बदलाव की अनदेखी करने पर छात्रावास अधीक्षिका चैनबती सैयाम को तत्काल निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा केंद्र के डीपीसी जी.पी. बर्मन ने भी छात्रावास वार्डन और संबंधित एएनएम की लापरवाही स्वीकार की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा आठवीं कक्षा में पढ़ती है और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रही थी। छात्रावास प्रबंधन ने न तो नियमित स्वास्थ्य जांच कराई और न ही अभिभावकों से संपर्क किया।

छात्रा के बयान के अनुसार, उसके गांव के एक व्यक्ति से उसका संपर्क था। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।

यह मामला छात्रावासों में बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य निगरानी और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button