छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा: Telegram पर ‘डबल मुनाफा’ का झांसा देकर युवक से ₹27 लाख की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार

सायबर पुलिस की कार्रवाई—औरंगाबाद से दबोचे गए आरोपी, एक अन्य की तलाश जारी

जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम के जरिए “डबल मुनाफा” का लालच देकर एक युवक से ₹27.26 लाख से अधिक की ठगी कर ली गई। मामले में सायबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

20260423 184942 Console Crptech

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चाम्पा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार सोनी को Telegram ऐप के माध्यम से एक युवती ने संपर्क किया और निवेश पर दोगुना लाभ का झांसा दिया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अन्य सदस्य भी लगातार निवेश के लिए प्रेरित करते रहे।

IMG 20260423 WA0445 Console Crptech

झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में RTGS, UPI, ATM और Paytm के जरिए विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹27,26,614 ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ, तो उसने सायबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में सायबर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें ₹42 हजार ट्रांसफर किए गए थे। यह खाता Ujjivan Small Finance Bank में संचालित पाया गया।

जांच के आधार पर पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची और आरोपी आवेज मसूद शेख (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने मित्र अब्दुल वाहिद (34) के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम जमा करने के लिए किया जाता था। रकम निकालकर वह अपने साथी को देता था और बदले में कमीशन प्राप्त करता था।

आगे की कार्रवाई में पुलिस ने सह-आरोपी अब्दुल वाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया। उसने खुलासा किया कि वह दिल्ली निवासी एक व्यक्ति के निर्देश पर यह काम करता था और उसे भी कमीशन मिलता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

आरोपियों के कब्जे से नगदी राशि, मोबाइल फोन, ATM कार्ड और बैंक पासबुक भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस की अपील
सायबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स पर मिलने वाले निवेश ऑफर से सावधान रहें। बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button