Crime News: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन बाद खुदाई में हुआ खुलासा

उत्तर प्रदेश के आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। 45 दिन तक गुमशुदगी का ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया, मामले की जांच जारी है।
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। शव के ऊपर प्लास्टर करवाकर नई टाइल्स भी लगवा दी गईं, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। करीब 45 दिन बाद पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कर शव बरामद किया और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। घटना के बाद महिला ने पति के लापता होने की कहानी सुनाई और 26 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के बड़े भाई को महिला की बातों पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान महिला ने उन्हें घर बुलाकर बताया कि शव बाथरूम के नीचे दबा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टाइल्स हटवाकर खुदाई कराई, जहां से शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि हत्या कैसे की गई, घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं, तथा शव को दफनाने में किसने मदद की। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





