छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में इस सत्र से शुरू होगी MBBS की पढ़ाई, 50 सीटों वाले शासकीय मेडिकल कॉलेज को NMC की मंजूरी

जांजगीर-चांपा / जिले के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शासकीय मेडिकल कॉलेज, जांजगीर-चांपा के संचालन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही इस वर्ष से जिले में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

जांजगीर-चांपा के अलावा गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़ और कबीरधाम में भी 50-50 सीटों वाले नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति मिली है। इससे प्रदेश में एक साथ 250 नई एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी।

मुख्यमंत्रीविष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

इधर, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कॉलेज की सभी व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्धारित समय पर शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराने को कहा है।

मुख्य बातें

  •  जांजगीर-चांपा में इस सत्र से शुरू होगी MBBS की पढ़ाई
  •  50 सीटों वाले शासकीय मेडिकल कॉलेज को NMC की मंजूरी
  •  छत्तीसगढ़ में एक साथ 5 नए मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति
  •  प्रदेश में 250 नई MBBS सीटों का विस्तार
  •  मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

Related Articles

Back to top button