
लव मैरिज की सजा या हैवानियत?
रायसेन / मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में मानवता को झकझोर देने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ कथित तौर पर मारपीट करने और जबरन पेशाब पिलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया है।
बेटे की लव मैरिज से नाराजगी बनी वजह
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला रायसेन जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले ग्राम अगरिया मारखो का बताया जा रहा है। पीड़ित बुजुर्ग बिहारी बंजारे के बेटे ने विदिशा जिले के शमशाबाद क्षेत्र की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर लड़की पक्ष के परिजन नाराज हो गए।
घर से अगवा कर ले जाने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि नाराज परिजन पहले उनके घर पहुंचे, जहां बुजुर्ग और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी कथित रूप से बुजुर्ग को जबरन अपने साथ उठा ले गए और उनसे बेटी के बारे में जानकारी मांगने लगे।
बुजुर्ग के अनुसार, उन्हें राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र में ले जाया गया, जहां करीब 10 से 12 लोगों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा और गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अमानवीय कृत्य का आरोप
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि हमले के बाद आरोपियों ने अमानवीय व्यवहार करते हुए एक बोतल में पेशाब भरकर बुजुर्ग को जबरन पिला दिया और उन्हें घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
पुलिस चौकी पहुंचकर सुनाई आपबीती
घटना के बाद किसी तरह परिजनों की मदद से बुजुर्ग सेंदौरा पुलिस चौकी पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। सदमे में आए बुजुर्ग ने कहा कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। वहीं, पीड़ित की पत्नी और बहू ने भी न्याय की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। SDOP प्रतिभा शर्मा के अनुसार, पीड़ित परिवार की शिकायत पर राजगढ़ पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है। सलामतपुर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
अधिकारी ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई राजगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है। पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।
वायरल वीडियो





