
जांजगीर-चांपा। भारत सरकार द्वारा संचालित एग्रीस्टेक (AgriStack) योजना के अंतर्गत किसानों के लिए डिजिटल किसान आईडी कार्ड बनाना अनिवार्य किया जा रहा है। निकट भविष्य में केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान आईडी आवश्यक होगी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसान आईडी निर्माण के लिए जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा किसानों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना डिजिटल किसान आईडी कार्ड बनवाएं और डिजिटल कृषि प्रणाली को मजबूत बनाने में सहभागी बनें।
इन योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
डिजिटल किसान आईडी कार्ड के माध्यम से किसानों को कई महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा, जिनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि अनुदान योजनाएं, सेवा सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय, कृषि ऋण एवं अन्य बैंकिंग सुविधाएं प्रमुख हैं।
किसान आईडी बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज
किसान डिजिटल आईडी कार्ड बनवाने हेतु निम्न दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र (च्वाइस सेंटर) में संपर्क कर सकते हैं— बी-1 (खसरा) दस्तावेज, आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर
प्रशासन ने किसानों से समय रहते किसान आईडी बनवाने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी भी शासकीय योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।





