Breaking news

CG News: किसान से 15 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

ACB की बड़ी कार्रवाई

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक मुख्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान ओंकार सुनवानी के रूप में हुई है, जिसे 15 हजार रुपए नकद रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केंद्र निवासी किसान नरोत्तम अपनी जमीन से जुड़े कार्य को लेकर लंबे समय से पटवारी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि काम करने के बदले पटवारी ने रिश्वत की मांग की थी। दोनों के बीच 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था, जिसमें पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपए देने की बात हुई थी।

किसान ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत की प्रारंभिक जांच और पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार किसान ने जैसे ही पटवारी ओंकार सुनवानी को 15 हजार रुपए दिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी पटवारी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।

Back to top button