छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA: एसपी कार्यालय में हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, महिला स्टाफ से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की, भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा, 02 जून 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, स्टाफ के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।

एसपी कार्यालय में आवेदन को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे पंकज कुमार चौबे पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर पहुंचा। उसने अजाक-जवाक शाखा में एक आवेदन जमा कर तत्काल पावती देने का दबाव बनाया। ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन पढ़कर प्रक्रिया अनुसार पावती देने की बात कहने पर आरोपी नाराज हो गया।

बताया गया कि आरोपी ने महिला स्टाफ से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि आवेदन पढ़ने का अधिकार उन्हें नहीं है और तत्काल पावती देने की मांग करने लगा। जब स्टाफ ने नियमों के अनुसार कार्यवाही करने की बात कही तो वह आक्रोशित हो गया।

अधिकारियों और कर्मचारियों से की धक्का-मुक्की

हंगामे की सूचना मिलने पर कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की तथा उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी। इस दौरान शासकीय कार्य प्रभावित हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 405/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 121(1), 132, 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पूछताछ के बाद भेजा गया जेल

थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button